गर्भवती प्रेमिका को डीएम ऑफिस के बाहर छोड़ फरार, लगाई न्याय की गुहार

बरेली। जनपद मे प्रेम प्रसंग में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसके प्रेमी ने कोर्ट मैरिज का झांसा देकर उसे गाजियाबाद से बरेली बुलाया और फिर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर छोड़कर फरार हो गया। युवती सात माह की गर्भवती है और उसने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता की पहचान नाजिमा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मालदा की रहने वाली है और कई सालों से गाजियाबाद मे एक निजी कंपनी मे कार्यरत है। गाजियाबाद मे ही उसकी मुलाकात बरेली के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव घघोरा घघोरी निवासी आतिफ से एक दोस्त की शादी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। नाजिमा का आरोप है कि आतिफ उसे गाजियाबाद के एक होटल में रखता था। इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, जिससे वह गर्भवती हो गई। जब नाजिमा ने शादी की बात कही तो आतिफ ने कोर्ट मैरिज कराने का भरोसा दिलाया और उसे बरेली बुला लिया। पीड़िता के अनुसार गबरेली पहुंचने पर आरोपी आतिफ उसे जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। गर्भवती युवती काफी देर तक डीएम कार्यालय के बाहर सहायता की मांग करती रही। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पीड़िता के आरोपों के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता की मांग है कि आरोपी उसके साथ विवाह करे और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को अपना नाम दे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *