आठ महीने में 98 मुठभेड़ 175 बदमाश गिरफ्तार

बरेली। बरेली परिक्षेत्र पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में पिछले आठ माह के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। एक अक्तूबर 2025 से 31 मई 2026 तक परिक्षेत्र के बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों में 98 पुलिस मुठभेड़ और विशेष कार्रवाई की गई। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि आत्मरक्षा में हुई इन मुठभेड़ में 175 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए, जबकि दो दुर्दांत अपराधी इफ्तेकार उर्फ धूम और अफसर खां की मौत भी हुई। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 21 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। परिक्षेत्र में सबसे अधिक 44 पुलिस मुठभेड़ और कार्रवाई बरेली जिले में हुईं। यहां 76 अपराधियों की गिरफ्तारी हुई, 57 घायल हुए और दो अपराधियों की मौत हुई। बदायूं में 27, पीलीभीत में 14 और शाहजहांपुर में 13 पुलिस कार्रवाई दर्ज की गईं। बदायूं के एचपीसीएल प्लांट दोहरा हत्याकांड के एक आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 39 पुलिसकर्मी भी घायल हुए। इसके अलावा गैंगस्टर अधिनियम के तहत 23 मुकदमे दर्ज कर 83 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। अपराध से अर्जित चार करोड़ 98 लाख 32 हजार 514 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की गई। डीआईजी अजय साहनी का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। जनता की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *