सीसीटीवी में बच्चे को ले जाते दिखे दो संदिग्ध, तीन टीमें लगाई

आंवला, बरेली। मनौना धाम से रविवार को गायब बच्चे को दो संदिग्ध ले जाते सीसीटीवी कैमरे में दिखे। दोनों की तलाश में एसओजी, सर्विलांस और पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। टीमों ने बदायूं और दातागंज में दबिश देकर कुछ लोगों से पूछताछ की है। बदायूं जिले के गांव डढरिया असगुणा थाना उसैहत के रमन पुत्र रविंद्र मनौना धाम पर सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। वह परिसर में ही परिवार सहित रहते हैं। रमन ने पुलिस को बताया था कि रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे उनके तीन बच्चे खेलते हुए मेन गेट को जाने वाली रोड की ओर चले गए। कुछ देर बाद दो बेटियां वापस लौट आईं, लेकिन उनका डेढ़ वर्षीय बेटा ऋषभ लापता हो गया। पिता ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस टीमें सक्रिय हुईं। एसओजी, सर्विलांस, पुलिस की तीन टीमें बच्चे की खोज में लगाई गईं हैं। पुलिस मनौना धाम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। एक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार दो युवकों को चिह्नित किया गया है। टीमों ने बदायूं, दातागंज क्षेत्र में दबिश दी है, कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। सोमवार को सीओ नितिन कुमार और कोतवाल बीनू सिंह धाम चौकी पर कैंप करते रहे। परिजनों ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है और न ही किसी पर शक है। बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। बाइक सवार बेटी शिवांगी, नियांशी और डेढ़ साल के ऋषभ को चीज दिलाने का लालच देकर दोनों ले गए। आगे एक सीसीटीवी कैमरा टूटा हुआ है वहीं उन्होनें बेटे को उठा लिया और बेटियों को छोड़ गए। सीओ नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस की टीमें काम कर रहीं हैं, पुलिस गहनता से हर पहलू पर जांच कर रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *