राजस्थान/बाड़मेर- जिले में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत लोकतंत्र में मतदान के महत्व का संदेश हर गली और हर घर तक पहुंचाने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव के निर्देशन में विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने मतदान का महत्व, लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका और शत-प्रतिशत मतदान जैसे विषयों पर अपने विचार निबंध के माध्यम से व्यक्त किए।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने मतदान को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।विद्यालयों में विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी देने के लिए मॉक मतदान भी करवाया गया।
विद्यार्थियों ने मतदाता की भूमिका निभाते हुए मतदान केंद्र पर होने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं को समझा। मॉक मतदान के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान की गोपनीयता, मतदाता की जिम्मेदारी तथा निष्पक्ष मतदान के महत्व से अवगत करवाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण है और मतदाता को बिना किसी प्रलोभन, दबाव अथवा भेदभाव के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करना चाहिए। विद्यार्थियों ने स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए जिले के सभी नगर निकायों में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर मतदाता जागरूकता बैनर लगाए गए हैं। बाजारों, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक परिसरों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगाए गए बैनरों के माध्यम से आमजन को मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया जा रहा है।
मतदाता जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से जिले में ‘हर मत महत्वपूर्ण, हर मतदाता जिम्मेदार’ का संदेश दिया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग का उद्देश्य विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को जागरूक कर मतदान प्रक्रिया में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करना है।
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों की भागीदारी से लेकर नगर निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक प्रचार-प्रसार तक लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन प्रयासों से मतदान की अलख घर-घर तक पहुंचाने और लोकतंत्र के पर्व में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
— राजस्थान से राजूचारण
