दबे कदमों से शहर विधानसभा पर मजबूत दावेदारी ठोक रहे प्रदीप सक्सेना

* भाजपा में लंबे समय से सक्रिय, पार्टी के हर कार्यक्रम में दर्ज कराते हैं अपनी मौजूदगी
बरेली । आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। शहर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच भाजपा में लंबे समय से सक्रिय प्रदीप सक्सेना भी दबे कदमों से अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे नजर आ रहे हैं।
प्रदीप सक्सेना पिछले कई वर्षों से भाजपा में सक्रिय रहकर संगठन के कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराते रहे हैं। पार्टी के छोटे-बड़े कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी को उनकी राजनीतिक सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने अभी तक अपनी दावेदारी को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में उनके नाम की चर्चा शुरू हो गई है।
वहीं शहर विधानसभा सीट पर फिलहाल डाॅ. अरुण कुमार को प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। हालांकि उम्र और आगामी चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति में यदि कोई बदलाव होता है तो टिकट की दौड़ में कई नए नाम तेजी से सामने आ सकते हैं।
ऐसी स्थिति में डाॅ. प्रमेन्द्र माहेश्वरी और भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना भी अपनी-अपनी दावेदारी को मजबूत करने में जुटे हुए बताए जा रहे हैं। खास बात यह है कि सभी संभावित दावेदार अपनी राजनीतिक पकड़ और संगठन में सक्रियता को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो संभावित प्रत्याशियों को लेकर संगठन स्तर पर सर्वे की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। दावेदारों की सक्रियता, संगठन में पकड़ और क्षेत्र में उनकी स्वीकार्यता को लेकर फीडबैक जुटाया जा रहा है। वहीं संभावित दावेदारों के नाम प्रदेश नेतृत्व और लखनऊ तक पहुंचने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में जोर पकड़ रही हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि भाजपा नेतृत्व शहर विधानसभा सीट पर किस चेहरे पर भरोसा जताता है। फिलहाल टिकट की दौड़ में कई नाम सामने आने से शहर की राजनीति में आने वाले दिनों में मुकाबला और दिलचस्प होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *