बरेली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महोबा की छात्रा के साथ हुई कथित अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय यातनाओं की घटना के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को ‘मानवता को शर्मसार करने वाला अपराध’ बताया और आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कार्रवाई की मांग की। महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के दावे विफल साबित हो रहे हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि कोचिंग से लौट रही छात्रा का अपहरण कर उसे कई दिनों तक बंधक बनाया गया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता को कथित तौर पर शारीरिक यातनाएं भी दी गई। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश दद्दा और प्रवक्ता राज शर्मा ने कहा कि ऐसी घटनाएं केवल एक परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज में भय का माहौल पैदा करती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो यह सरकार और प्रशासन दोनों की विफलता है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दी जाए। उन्होंने पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा, आर्थिक सहायता और मानसिक परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है। कलेक्ट्रेट पर नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।।
बरेली से कपिल यादव
