राजस्थान/बाड़मेर- शहरी सेवा शिविरों में राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकाधिक आमजन को लाभांवित करवाने के लिए पूर्व पार्षदों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक आयोजित हुई l इस दौरान शहरी सेवा शिविर को सफल बनाने के लिए। सुझाव लेने के साथ विभिन्न पहलुओं पर विचार – विमर्श किया गया l नगर परिषद कार्यालय में आयोजित हुई बैठक के दौरान आयुक्त भगवत सिंह परमार ने शहरी सेवा शिविरों में निष्पादित किए जाने वाले कार्यों एवं राज्य सरकार की रियायतों तथा जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी l
उन्होंने कहा कि इन शिविरों का अधिकतम लाभ आमजन को मिले, इसके लिए सबका सहयोग जरूरी है l नगर परिषद आयुक्त भगवत सिंह परमार ने कहा कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी वर्गों के सुझाव प्राप्त कर शिविरों को अधिक प्रभावी बनाने के साथ आमजन को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैठक में प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लेकर क्रियान्वित किया जाएगा l
उल्लेखनीय है कि जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान शहरी सेवा शिविरों में अधिकाधिक आमजन को लाभन्वित करने के लिए जन प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए थे l
बैठक में नगर परिषद् क्षेत्र की मूल आबादी, डिनोटिफाइड कच्ची बस्तियों,स्कीम भूमि,कृषि भूमि,राजकीय भूमि सहित विभिन्न प्रकार की भूमि एवं आवासीय प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व पार्षदों एवं हितधारकों ने अपने-अपने क्षेत्र के अनुभव साझा करते हुए सुझाव दिए कि शिविरों में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो तथा प्रक्रियाओं को अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए।
इस दौरान महावीरसिंह चूली,रमेशसिंह इंदा,दमाराम माली,किशन बोहरा,महावीर बोहरा,किशोर शर्मा,तरुण बलवानी,प्रकाश खत्री, ओमप्रकाश त्रिवेदी, स्वरुपसिंह समेत विभिन्न जन प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अपने सुझाव देते हुए शिविरों का अधिकतम फायदा आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार -प्रसार तथा सहयोग करने की बात कही l इस दौरान शहरी सेवा शिविर-2026 के सफल एवं प्रभावी संचालन तथा नगर परिषद् क्षेत्र के अधिकतम नागरिकों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित दिलाने के लिए शिविर में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, उनके समाधान तथा आमजन को अधिकतम राहत प्रदान करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में नगर परिषद् के अधिशाषी अभियंता सूर्यप्रकाश संचेती,सहायक नगर नियोजक,मोहित शर्मा, वरिष्ठ सहायक चन्द्रजीत खत्री,ऊर्जाराम,फायरमेन घमण्डाराम समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान जन प्रतिनिधियों एवं कार्मिकों ने शिविरों के सफल आयोजन के लिए समन्वित प्रयास करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।
— राजस्थान से राजूचारण
