वोटर लिस्ट मे धांधली का आरोप लगाते हुए सपा ने किया विरोध प्रदर्शन

मीरगंज, बरेली। मीरगंज विधानसभा क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची मे कथित गड़बड़ी को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष सुरेश गंगवार के नेतृत्व में तहसीलदार मीरगंज को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच कराने और फर्जी नाम हटाने की मांग की। सपा नेताओं सुरेश गंगवार, मनोहर सिंह पटेल और नावेद खान ने संयुक्त रूप से सौंपे गए ज्ञापन मे आरोप लगाया। उनके अनुसार विधानसभा मीरगंज की मतदाता सूची के परीक्षण में कई ऐसे मामले मिले है। जहां एक ही व्यक्ति का नाम, पिता का नाम और ग्राम सभा एक होने के बावजूद अलग-अलग मकान नंबरों पर तीन से चार बार दर्ज है। सपा नेताओं ने इसे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल बताया। पार्टी पदाधिकारियों ने प्रशासन से संबंधित बीएलओ को बुलाकर पूरे मामले की जांच कराने और दोहरे व फर्जी नामों को तत्काल हटाने की मांग की। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मतदाता सूची को ठीक नहीं किया गया तो तहसील मुख्यालय के गेट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी ओमेंद्र सिंह पटेल, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी लोधी गंगा सिंह, राजू वाल्मीकि, धर्मवीर सिंह, हरीश चंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह यादव, प्रेमपाल, अनोखेलाल और रमेश सहित कई सपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *