फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर नगर के मोहल्ला साहूकारा स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर में मंगलवार देर शाम चौथे बड़े मंगल के अवसर पर भव्य मंगल कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। मंगल कीर्तन का शुभारंभ होते ही मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “बजरंगबली की जय” के जयकारों से गूंज उठा। भजन-कीर्तन की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। मंगल कीर्तन मंडल कमेटी के सदस्यों ने आकर्षक भजनों की प्रस्तुति दी। जिससे उपस्थित भक्त भक्ति रस में सराबोर हो गए। कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर सचिन अग्रवाल, हर्षित अग्रवाल, निमिष अग्रवाल, सनी अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, प्रमोद देवल सहित कई प्रमुख लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन रात्रि 10 बजे प्रसाद वितरण के साथ हुआ।।
बरेली से कपिल यादव
