झमाझम बारिश से बदला बरेली का मौसम, सुबह ही बंद करने पड़े कूलर-एसी, भारी वर्षा की चेतावनी

बरेली। मानसून की सक्रियता के चलते जिले का मौसम पूरी तरह बदल गया है। मंगलवार रात से शुरू हुआ मूसलाधार बारिश का सिलसिला बुधवार सुबह तक जारी है। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज हुई, जिससे पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान शहरवासियों को राहत मिली है। बारिश का आलम यह है कि बुधवार की सुबह लोगों को घरों में चलने वाले कूलर और एयर कंडीशनर (एसी) की जरूरत ही नहीं पड़ी। ठंडी हवाओं और रिमझिम फुहारों के बीच सुबह का तापमान काफी सुखद महसूस किया गया। हालांकि वर्षा का दौर शुरू होते ही शहर के निचले हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों के अनुसार, मानसूनी बादल फिलहाल जिले के ऊपर पूरी तरह सक्रिय है। जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना बनी हुई है। तेज हवा के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। दिन और रात में तापमान भी गिर गया है। दिन में अधिकतम तापमान 27.8 और रात में न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले चार-पांच दिन तक बारिश के आसार हैं। इससे गर्मी का प्रभाव कम होगा। कई दिन से आसमान में छा रहे बादल आखिरकार मेहरबान हुए। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि 4 जून तक बारिश के आसार हैं। आसमान में बादल छाए रहेंगे और तापमान में भी प्रभावी गिरावट हो सकती है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *