बरेली। स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे जिला अस्पताल की परेशानी और बढ़ गई है। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरके गुप्ता के रिटायर होने के बाद अब अस्पताल की ओपीडी 63 वर्षीय फिजिशियन और पूर्व एडीएसआईसी डॉ. एएम अग्रवाल के जिम्मे आ गई है। इस समय बुखार, डायरिया हमलावर हो गए हैं और जिला अस्पताल की ओपीडी में सामान्य मरीजों की संख्या 400 से अधिक हो गई है। अस्पताल प्रबंधन ने फिजिशियन के लिए शासन को पत्र भेजा है। सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ रही। पर्चा काउंटर पर लंबी कतार लगी रही। इसमें बुखार, पेट दर्द, उलटी-दस्त के मरीजों की संख्या अधिक रही। जिला अस्पताल में बीते दो महीने से एक ही फिजिशियन के भरोसे ओपीडी का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में सोमवार को सामान्य से अधिक मरीजों की भीड़ होने पर व्यवस्था चरमरा गई। इंटर्नशिप करने आए निजी मेडिकल कालेज के जूनियर डॉक्टरों के भरोसे ओपीडी में आए मरीजों का इलाज किया जा रहा है। सोमवार को ओपीडी में 1800 से अधिक मरीजों का पंजीकरण हुआ। इसमें बुखार, उलटी, दस्त के साथ ही त्वचा के मरीजों की संख्या अधिक रही। अस्पताल में मरीजों की भीड़ को देखते हुए प्रबंधन ने फिजिशियन की तैनाती के लिए मांग पत्र भेजा है।।
बरेली से कपिल यादव
