फरीदपुर (बरेली)। बीएसए डॉ विनीता, बीईओ फरीदपुर शीश पाल के निर्देशन में विकास क्षेत्र फरीदपुर स्थित इंग्लिश मीडियम कंपोजिट विद्यालय, नवादा बिलसंडी में आयोजित 15 दिवसीय अंतर्जनपदीय ऑनलाइन समर कैंप का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस नवाचारपूर्ण समर कैंप का आयोजन राज्य पुरस्कृत शिक्षक, राज्य आईसीटी पुरस्कृत विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक डॉ. अमित शर्मा के निर्देशन में किया गया। कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें आधुनिक ज्ञान, जीवनोपयोगी कौशल तथा नैतिक मूल्यों से परिचित कराना था। समर कैंप में विभिन्न जनपदों के शिक्षाविदों एवं विषय विशेषज्ञों ने अपनी विशेषज्ञता साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक सत्र प्रदान किए। कबाड़ से जुगाड़ से लेकर ए आई और कम्प्यूटर तक के उपयोगी सेशंस आयोजित हुए। मुख्य रूप से कठपुतली बनाना, रंगोली बनाना, फायरलेस कुकिंग, योग, कंप्यूटर, ए आई, वैदिक गणित, नृत्य कला, चित्र कला, पर्यावरण संरक्षण आदि विषयों पर उपयोगी सत्रों का आयोजन किया गया। इस ऑनलाइन समर कैंप में शाहजहांपुर से डॉ. अरविंद शुक्ल ने विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा एवं डिजिटल साक्षरता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और भविष्य में कंप्यूटर ज्ञान की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुजफ्फरनगर की शिक्षिका अनु चौधरी ने बालिका शिक्षा के महत्व के साथ-साथ गुड टच एवं बैड टच जैसे अत्यंत संवेदनशील विषय पर बच्चों को सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में निडर होकर अभिभावकों एवं शिक्षकों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। शुभ्रा शर्मा ने फायरलेस कुकिंग विषय पर रोचक एवं उपयोगी सत्र प्रस्तुत करते हुए बिना आग के बनने वाले पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों की जानकारी दी। और ब्रेड के दही बड़े बनाना सिखाए। इससे विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता एवं रचनात्मकता का विकास हुआ। डॉ. प्रज्ञा शर्मा ने “योग फॉर बेटर लिविंग” विषय पर योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को बताया। उन्होंने नियमित योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने के उपाय भी बताए। कैंप संयोजक डॉ. अमित शर्मा ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यावहारिक उपयोग तथा चित्रकला से संबंधित सत्रों के माध्यम से नई तकनीकों और रचनात्मक अभिव्यक्ति की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में AI शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा दैनिक जीवन के अनेक क्षेत्रों में उपयोगी सिद्ध हो रहा है और विद्यार्थियों को इसका सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग सीखना चाहिए। डायट प्रवक्ता डॉ. नीति माहौर ने पर्सनैलिटी डेवलपमेंट विषय पर प्रभावशाली व्याख्यान देते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, प्रभावी संप्रेषण कौशल तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। वहीं वैष्णवी शर्मा एवं प्रज्ञन्य शर्मा ने वैदिक गणित की सरल एवं त्वरित गणना तकनीकों का अभ्यास कराते हुए विद्यार्थियों को गणित के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरित किया। समापन अवसर पर डॉ. अमित शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के ऑनलाइन समर कैंप विद्यार्थियों के लिए अवकाश को ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक बनाने का उत्कृष्ट माध्यम हैं। उन्होंने सभी विशेषज्ञ वक्ताओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नई-नई जानकारियाँ एवं उपयोगी कौशल अर्जित किए। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत प्रेरणादायक एवं लाभकारी बताया।
इंग्लिश मीडियम कंपोजिट विद्यालय नवादा बिलसंडी में 15 दिवसीय अंतर्जनपदीय ऑनलाइन समर कैंप का हुआ सफल समापन
