आंवला, बरेली। स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो केंद्रों को सील कर दिया। दोनों केद्रों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में पंजीकरण नही था। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। सीएमओ डॉ विश्राम सिंह के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ अमित कुमार ने शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड सेंटरों की चेकिंग का अभियान चलाया। टीम ने मझगवां ब्लॉक के अलीगंज स्थित भारत यूएसजी सेंटर पर छापा मारा। जांच में पता चला कि केंद्र का सीएमओ कार्यालय मे पंजीकरण नही था और बिना रजिस्ट्रेशन के अल्ट्रासाउंड संचालित हो रहा था। टीम ने तत्काल सेंटर को सील कर दिया। वही आंवला मे संचालित मिलन अल्ट्रासाउंड सेंटर पर भी कार्रवाई की गई। विभागीय जांच में यहां भी आवश्यक अभिलेख और वैध पंजीकरण संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। यहां अप्रशिक्षित युवक अल्ट्रासाउंड जांच कर रहा था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेंटर को सील करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। सीएमओ ने कहा कि बिना पंजीकरण चल रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पीसीपीएनडीटी एक्ट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।।
बरेली से कपिल यादव
