बरेली। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी गुरुवार को बरेली पहुंचे। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लंबे समय बाद घर से निकलकर गोरखपुर मे कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। चुनाव नजदीक आते ही उन्हें जनता के बीच जाने की याद आने लगती है। प्रदेश की जनता उनके दस साल के कार्यकाल और विपक्ष के नेता के रूप में उनकी भूमिका का हिसाब मांग रही है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति नकारात्मक एजेंडे पर आधारित है, जबकि भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में काम हुआ है। उत्तर प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सभी दलों को अपनी विचारधारा के साथ जनता के बीच जाने का अधिकार है, लेकिन विपक्ष को भी अपने कार्यकाल का जवाब देना होगा। सपा नेता आजम खान को लेकर पूछे गए सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मामले न्यायालय के अधीन हैं। आजम खान के उस बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने मुसलमान होने और विश्वविद्यालय बनाने की वजह से सजा मिलने की बात कही थी। भूपेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के लिए गरीब लोगों को धमकाकर और अपमानित करके जमीनों की रजिस्ट्री कराई गई और जमीनों पर कब्जे किए गए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में न्यायालय के फैसले का पालन किया जाएगा। भगवान श्रीराम जन्मभूमि और श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि ये भाजपा के लिए आस्था और विरासत के प्रतीक हैं। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण का चरित्र हमेशा लोगों को प्रेरणा देता है। ऐसे विषयों को केवल राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भूपेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि पार्टी मुस्लिम समाज के तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। जाति और भाषा के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर विदेशों में देश के खिलाफ बयान देने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। एसआईआर के मुद्दे पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होने चाहिए और अपात्र लोगों को सूची में शामिल होने से रोका जाना चाहिए। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने और भ्रम फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया।।
बरेली से कपिल यादव
