बरेली का सौ फुटा तिराहा बनेगा शिव नाद चौक, त्रिशूल-डमरू बढ़ाएंगे शोभा

बरेली। नाथ कॉरिडोर के समग्र विकास की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने एक और पहल की है। सौ फुटा तिराहे को अब ‘शिव नाद चौक’ के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। इस परियोजना के तहत तिराहे को धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साथ आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। सौ फुटा तिराहा नाथ कॉरिडोर का महत्वपूर्ण मिलन-बिंदु है। एक ओर आदिनाथ चौक और दूसरी ओर त्रिलोकी चौक से आने वाले मार्ग यहां मिलते हैं। इसी सांस्कृतिक भाव को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय रोटरी पर त्रिशूल और डमरू की भव्य संयुक्त कलाकृति स्थापित की जाएगी। यह कलाकृति नाथ परंपरा और भगवान शिव के नाद का प्रतीकात्मक संदेश देगी। वर्तमान में तिराहे पर यातायात का दबाव अधिक रहने के कारण कई बार जाम की स्थिति बनती है। प्रस्तावित विकास योजना में यातायात को व्यवस्थित व सुगम बनाने के साथ तिराहे का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। प्रकाश व्यवस्था, हरित पट्टियां, फूलों व मौसमी पुष्पों की सजावट व सुव्यवस्थित लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। दिन में हरित-पुष्पीय सौंदर्य व रात में रोशनी से यह स्थान नाथ कॉरिडोर की नई पहचान बनेगा। इसके साथ ही सेटेलाइट क्षेत्र से इज्जतनगर बैरियर चौकी तक मार्ग के चौड़ीकरण और यातायात सुधार की भी योजना है। बीडीए की ओर से इसका विस्तृत सर्वेक्षण व तकनीकी परीक्षण कराया जा चुका है। प्रस्तावित विकास कार्यों का तकनीकी आकलन भी किया जा रहा है। शिव नाद चौक पर करीब 100 फीट लंबी विकास गाथा दीवार भी बनाई जाएगी। इस पर ग्रेटर बरेली योजना, रामगंगा नगर योजना, सप्त नाथ ईको सिटी, कैनाल फ्रंट, जटायु पार्क समेत बीडीए की प्रमुख विकास और पर्यटन परियोजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। इससे शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों को बरेली में हो रहे विकास की समग्र झलक मिलेगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *