बरेली। मां-बेटे समेत चार लोग स्वाइन फ्लू संक्रमित मिले हैं। उनकी जांच रिपोर्ट में एच1एन1 पाजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इस तरह अब तक जिले में स्वाइन फ्लू के कुल 18 मामले आ चुके हैं जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो चुकी है। बुधवार को संक्रमितों के घर रैपिड रिस्पांस टीम पहुंची। मरीजों के घरवालों और संपर्क में आए लोगों की सेहत की जांच की और दवाएं दी। मढ़ीनाथ में रहने वाली 19 वर्षीया युवती की तबियत खराब होने पर डॉक्टर ने एच1एन1 टेस्ट कराने का परामर्श दिया था। युवती की जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। वहीं गढ़ैया के रहने वाले मां-बेटे भी स्वाइन फ्लू संक्रमित मिले हैं। दोनों को कई दिन से तेज बुखार है और निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। भदपुरा में स्वाइन फ्लू का एक और मरीज मिला है। यहां के 74 वर्षीय बुजुर्ग की जांच रिपोर्ट एच1एन1 पाजिटिव आई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि संक्रमित मरीजों के घर आरआरटी भेजी गई। उनके घरवालों और संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार की गई है। सभी के स्वास्थ्य का परीक्षण करने के बाद दवा दी गई।।
बरेली से कपिल यादव
