अलीगंज, बरेली। जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र के गैनी झूनानगर गांव मे बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर के सामने खुले नाले में डूबकर दो साल के बालक सुनील की मौत हो गई। इस घटना से उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। हादसा सुबह करीब दस बजे हुआ जब मासूम सुनील आंगन मे खेल रहा था। इसी दौरान घर के सामने बने नाले मे गिर गया। उसकी मां अनारकली घर मे खाना बना रही थी और पिता तेजपाल सो रहे थे। तेजपाल खेतीबाड़ी के साथ मजदूरी भी करते हैं। मां ने खाना बनाने के बाद सुनील को घर में नही पाया। उसने आसपास बच्चे की तलाश की। तेजपाल की दुकान में किराए पर रहने वाले राहुल ने मासूम को नाले में उतराते देखा। उसने तुरंत परिजनों को सूचना दी। बच्चे को नाले से निकालकर अलीगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता तेजपाल ने बताया कि मकान से आठ कदम की दूरी पर पिछले साल प्रधान ने सड़क किनारे नाला बनवाया था। इस नाले की गहराई पांच फीट है। इस पर कोई स्लैब नहीं डाले गए हैं, जिससे यह खुला हुआ है। तेजपाल ने इस खुले नाले को हादसे का कारण बताया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। दोपहर बारह बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सुनील के पिता तेजपाल की दो बेटियां सोनम और प्रीति भी हैं। बच्चे की दादी कमला नेत्रहीन हैं। इस दुखद घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।।
बरेली से कपिल यादव
