बरेली। सीबीगंज, बरेली। सीबीगंज स्थित कॉम्पीटेंट पब्लिक स्कूल, कैम्फर स्टेट में उत्तर प्रदेश सरकार के महा वृक्षारोपण अभियान 2026 के अंतर्गत एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. आरए शर्मा, प्रधानाचार्य डॉ. बीके शर्मा और मुख्य अतिथि शैलेंद्र प्रकाश ने विद्यालय स्टाफ के साथ मिलकर आम, अमरूद, कमरख और आंवला के पौधों का रोपण किया। इस दौरान ब्रह्मानंद तिवारी, सोनू कुमार, सौरभ सक्सेना, अजय सिंह, नरेश सिंह यादव आदि ने पौधों की सुरक्षा और उचित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। वीरांगना रानी अवंती बाई महिला कॉलेज ने किया पौधारोपण : बरेली। प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत राजकीय वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी राजकीय महिला महाविद्यालय ने अपने आवंटित लक्ष्य को सफलतापूर्वक शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया है। जनपद बरेली की नोडल अधिकारी व कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अन्नू महाजन के नेतृत्व में 20 महाविद्यालयों के सहयोग से कुल 25,900 पौधों के रोपण का महालक्ष्य हासिल किया गया। इसी क्रम में महिला महाविद्यालय परिसर में भी आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष कुल 500 औषधीय, छायादार और फलदार पौधे रोपे गए। इस महाअभियान में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी मेयर पूनम राठौर और भाजपा महानगर कार्यकारिणी सदस्य चंद्रपाल राठौर ने शिरकत कर पौधारोपण किया। विश्वविद्यालय में वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत हुआ पौधरोपण : बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय में आज वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान प्रदेश सरकार की उस विशाल पहल का हिस्सा है, जिसमें 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में एक साथ 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने परिसर में पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 का औपचारिक उद्घाटन करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित यह अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ जनसहभागिता का एक सशक्त उदाहरण है। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए, तभी पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सार्थक हो सकेगा। राजकीय हाईस्कूल तालगौटिया क्यारा में वृक्षारोपण : बरेली। राजकीय हाईस्कूल तालगौटिया क्यारा के प्रांगण में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का अत्यंत गरिमामयी एवं भव्य आयोजन किया गया। इस पुनीत महाअभियान के अंतर्गत संपूर्ण विद्यालय परिवार ने एक स्वर में प्रकृति संरक्षण एवं धरा को हरित आवरण से आच्छादित करने का महासंकल्प लिया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विद्यालय के प्रधानाचार्य (राज्य अध्यापक पुरस्कार से विभूषित) डॉ. सुभाष चंद्र मौर्या ने मां भारती व प्रकृति पूजन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यार्थियों को अपनी ओजस्वी वाणी में संबोधित करते हुए उन्होंने मानव जीवन में वृक्षों के अपरिहार्य एवं दैवीय महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चंद्र मौर्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के सुखी, समृद्ध और स्वास्थ्य जीवन का सुरक्षित बीमा है। आज वैश्विक तापमान (ग्लोबल वॉर्मिंग) और ऋतु चक्र के असंतुलन की जो विभीषिका पूरे विश्व के सम्मुख खड़ी है, उससे मानवता की रक्षा केवल प्रकृति की शरण में ही संभव है। हमें एक छात्र, एक वृक्ष के सिद्धांत को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। बीडीए ने एक दिन मे लगाए 7,300 पौधे : उत्तर प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने रविवार को जनपद में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान बीडीए की विभिन्न आवासीय योजनाओं और विकास परियोजनाओं में कुल 7,300 पौधे लगाए गए। विधायक डॉ. एमपी आर्य ने पौधे लगाए : नवाबगंज मे रविवार को ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक डॉ. एमपी आर्य ने विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया। शेरगढ़ नगर पंचायत में 1850 पौधे लगाए : शेरगढ़ नगर पंचायत में रविवार को वृक्ष महोत्सव अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया। इस दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर यूकेलिप्टस, नीम और गुटेर सहित कई प्रजातियों के कुल 1850 पौधे रोपे गए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधे लगाए : एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को विकास खंड आलमपुर जाफराबाद की ग्राम पंचायत डपटा में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नौरंगपुर रोड स्थित सरकारी भूमि पर ‘जी राम जी योजना’ के अंतर्गत बड़ी संख्या में पौधे रोपे गए। क्यारा मे 3 हजार पौधे रोपे, गौ-पूजन भी किया : विकास खंड क्यारा में रविवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली बच्चों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और स्थानीय ग्रामीणों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आंवला के पुरैना मंदिर में मंत्री ने किया वृक्षारोपण : आंवला स्थित पौराणिक पुरैना प्राचीन मंदिर परिसर में रविवार, 12 जुलाई को कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने वृक्षारोपण किया। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत मे 1800 पौधे लगाए : नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी में वृक्षारोपण किया गया। ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर व अध्यक्षा इमराना बेगम व सभी सभासद व सफाई नायक जय बाबू भारती सहित समस्त कर्मचारी उपस्थित रहकर पौधे लगाए। इस अवसर पर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। नगर मे लगभग 1800 पेड़ लगाए गए। जिसमें अमरुद जामुन कनजी के पौध लगाये गए। वही राजकीय इंटर कॉलेज बरेली के मैदान में उपनियंत्रक राकेश मिश्र एवं चीफ वॉर्डन रंजीत वशिष्ठ के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मार्गदर्शन सहायक उपनियंत्रक पंकज कुदेशिया और प्रमोद डागर ने किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जामुन, अमरूद, आम, इमली और पाकड़ सहित अनेक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
