मतगणना दलों के पर्यवेक्षक एवं गणना सहायकों के प्रशिक्षण स्थल का किया निरिक्षण : भुवनेश्वर सिंह चौहान

राजस्थान/बाड़मेर- बालोतरा उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर प्रशिक्षण व्यवस्थाओं एवं कार्मिकों को दिए जा रहे प्रायोगिक प्रशिक्षण का जायजा लिया। उन्होंने कार्मिकों से ईवीएम मतगणना प्रक्रिया से संबंधित जानकारी ली तथा प्रशिक्षण के दौरान अधिक से अधिक प्रायोगिक अभ्यास करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि नगर निकाय आम चुनाव की मतगणना एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रक्रिया है। ऐसे में सभी कार्मिक निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का पूरी गंभीरता से पालन करें। मतगणना के प्रत्येक चरण में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सावधानी बनाए रखते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य किया जाए।

उन्होंने कार्मिकों को निर्देशित किया कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की शंका या तकनीकी समस्या होने पर स्वयं निर्णय लेने के बजाय निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार संबंधित अधिकारी को अवगत करवाएं। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्मिकों को ईवीएम संचालन एवं मतगणना प्रक्रिया की पूरी जानकारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षकों ने कार्मिकों की विभिन्न शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें मतगणना के दौरान सजगता एवं निष्पक्षता के साथ दायित्व निर्वहन करने के निर्देश दिए। नगर निकाय आम चुनाव के तहत मतगणना प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालोतरा में मतगणना दलों में नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं गणना सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान दक्ष प्रशिक्षक हनवंत सोनी, राजेश नामा एवं मुकेश कुमार ने कार्मिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से संबंधित मतगणना प्रक्रिया का विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया। कार्मिकों को ईवीएम के संचालन, मतगणना की निर्धारित प्रक्रिया, विभिन्न चरणों में बरती जाने वाली सावधानियों तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में कार्मिकों को ईवीएम प्रक्रिया का अभ्यास भी करवाया गया, ताकि वास्तविक मतगणना के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रक्रियागत समस्या उत्पन्न न हो। प्रशिक्षकों ने मतगणना के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल की अक्षरशः पालना करने तथा प्रत्येक चरण को पूरी सावधानी एवं पारदर्शिता के साथ संपादित करने पर जोर दिया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *