महानगर मे महिलाओं के लिए हॉस्टल, बुजुर्गों के लिए बनेगा दादा-दादी पार्क

बरेली। शहर के विकास और सौंदर्याकरण को लेकर डीएम अविनाश सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने शहर में उपलब्ध जमीन के बेहतर इस्तेमाल के साथ नागरिक सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने नगर सीलिंग से अतिरिक्त उपलब्ध जमीन का बेहतर उपयोग करने को कहा। साथ ही बरेली विकास प्राधिकरण को पहले उपलब्ध कराई गई जमीन का दोबारा सर्वे कराने और उसकी मौजूदा स्थिति व उपयोगिता का आकलन करने के निर्देश दिए। कामकाजी महिलाओं के लिए वर्किंग वुमेन हॉस्टल के लिए शहर में उपयुक्त जमीन जल्द चिन्हित करने को कहा। वहीं, आश्रयहीन बुजुर्गों के लिए दादा-दादी पार्क नाम से वृद्धाश्रम विकसित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। प्रमुख चौराहों के सौंदर्याकरण और पार्कों के विकास पर भी चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि जरूरत की जगहों पर मल्टी लेवल पार्किंग के लिए जमीन चिन्हित की जाए। रामायण वाटिका की तर्ज पर अलग-अलग विषयों पर आधारित नए पार्क विकसित करने को कहा। बैठक में एडीएम सिटी नगर अविनाश त्रिपाठी, संयुक्त सचिव बीडीए दीपक कुमार मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *