बिथरी, बरेली। छेड़छाड़ की सूचना पर युवक को थाने लाई बिथरी पुलिस ने उसे जमकर पीटा। युवक हाथ मे इतनी चोट लगी कि उसे श्री राममूर्ति स्मारक मेडिकल कॉलेज (एसआरएमएस) में भर्ती कराना पड़ गया। घायल युवक की मां का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से उनके बेटे को गंभीर चोट लगी है। रात दो से चार बजे तक ऑपरेशन चला। डॉक्टरों ने हाथ काटने की बात कही मगर उन्होंने मना कर दिया। युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हालांकि, इस पर पुलिस ने भी अपना तर्क दिया है। कहा है कि छेड़छाड़ की सूचना पर पीआरवी लाई थी। उस वक्त वह शराब के नशे मे था और आते ही थाने मे पुलिसकर्मियों से भी भिड़ गया। इसी खींचतान में उसने सीसीटीएनएस कक्ष के दरवाजे में हाथ मारा। जिससे उसका शीशा टूटा और हाथ जख्मी हो गया। थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के चंदपुरी बिचपुरी निवासी लज्जावती ने बताया कि उनका बेटा अनिल आनलाइन काम करता है। शुक्रवार शाम को वह घर वापस लौट रहा था। रास्ते से गुजर रही गांव की एक महिला से उसने घर छोड़ने के बारे मे पूछा। इस पर वह झगड़ा करने लगी और रात करीब आठ बजे घर आकर महिला ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर महिला ने डायल 112 को फोन कर दिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम उसे थाने ले गई मगर पीछे से जब स्वजन थाने पहुंचे तो वहां उन्होंने अनिल को लाने की बात से इन्कार कर दिया। कहा कि सुबह आकर बात करे। स्वजन का आरोप है कि थाने में पुलिसकर्मियों ने उन्हें हड़काया और भाग जाने को कहा मगर वह थाने में ही रहे। कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि अनिल के हाथ में चोट लगी है। किसी अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया है। उन्होंने फिर से पुलिस से पूछा तो पुलिस उन्हें एसआरएमएस लेकर पहुंची। वहां बेटे की हालत देखकर मां के होश उड़ गए। अनिल की मां लज्जावती का कहना है कि बेटे को इतना खून बह रहा था कि अस्पताल में उसके हाथ के नीचे रखा कटोरा भी खून से भर गया। अभी भी उसका उपचार किया जा रहा है। उधर, पुलिस ने रात 8:16 बजे अनिल के विरुद्ध छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस का कहना हैं कि जब अनिल को लाया गया तो वह शराब के नशे मे था लेकिन सवाल है कि नशे की हालत में उसे थाने लाया क्यों गया? अगर लाया भी गया तो उसकी निगरानी सही ढंग से क्यों नही हुई जो उसने शीशा तोड़ा। अनिल के विरुद्ध जिन धाराओं में मुकदमा लिखा गया है वह उसमे जेल भेजने का कोई प्रावधान नही हैं। इसके बाद भी उसे पीटकर उससे पूछताछ की गई।।
बरेली से कपिल यादव
