दिव्यांग, शतायु, युवा और महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर किया मतदान
राजू चारण , प्रदेश के 147 नगरीय निकायों में द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को हुए मतदान में धोरीमन्ना नगरपालिका ने 91.60 प्रतिशत मतदान के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। प्रदेश के सभी 147 नगरीय निकायों में कुल 87,63,595 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 61,35,153 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल मतदान प्रतिशत 70.01 रहा।
धोरीमन्ना नगरपालिका बनने के बाद पहली बार हुए नगरपालिका चुनाव में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोकतंत्र के इस महापर्व में दिव्यांग, शतायु, युवा एवं महिला मतदाताओं सहित समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान दिया।
धोरीमन्ना एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी एंव जिला कलेक्टर बालोतरा सुशील कुमार यादव और अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान के द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के साथ ही धोरीमन्ना में मतदान शुरू होने के साथ ही मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। सुबह 10 बजे तक ही 44.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया और धोरीमन्ना प्रदेशभर में मतदान प्रतिशत के मामले में सबसे आगे चल रहा था। मतदान का सिलसिला शाम तक जारी रहा और शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने तक 91.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस शानदार मतदान प्रतिशत के साथ धोरीमन्ना ने द्वितीय चरण के सभी नगरीय निकायों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। धोरीमन्ना नगरपालिका क्षेत्र में कुल 20 वार्ड हैं। इनमें वार्ड संख्या 3 एवं 13 में पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष 18 वार्डों में शुक्रवार को मतदान हुआ, जिसमें 41 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया।उल्लेखनीय मतदान के पीछे मतदान से पूर्व चलाए गए व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई के नेतृत्व में धोरीमन्ना क्षेत्र में विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। मतदान दिवस पर सोशल मीडिया के माध्यम से हर घंटे मतदाताओं से मतदान की अपील की गई। लगातार किए गए इस जागरूकता प्रयास का असर मतदान प्रतिशत में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने धोरीमन्ना के मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धोरीमन्ना का मतदाता जागरूक है। रिकॉर्ड मतदान लोकतंत्र के प्रति लोगों की गहरी आस्था और जिम्मेदार नागरिक भावना को दर्शाता है। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं सफल मतदान के लिए मतदाताओं, मतदान कार्मिकों, पुलिस प्रशासन एवं मीडियाकर्मियों का भी आभार जताते हुए उनकी भूमिका की सराहना की। नगरपालिका चुनाव की मतगणना 14 सितम्बर, सोमवार को शांति देवी उदयराज गांधी राजकीय महाविद्यालय, धोरीमन्ना में होगी। प्रशासन की ओर से मतगणना को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
— राजस्थान से राजूचारण
