कैंट, बरेली। जनपद के थाना कैंट क्षेत्र मे 17 वर्षीय किशोरी से शादी का झांसा देकर युवक ने दुष्कर्म किया। किशोरी के गर्भवती होने और जबरन गर्भपात कराने के बाद यह घटना सामने आई। पीड़िता के परिजन ने थाने में तहरीर दी। कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर मुख्य आरोपी समेत तीन के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी युवक 10 महीनों से किशोरी का यौन शोषण कर रहा था। उसने शादी का वादा किया था जो बाद में तोड़ दिया। 17 साल की किशोरी जब गर्भवती हो गई तो आरोपी ने उसे गर्भपात कराने के लिए दवा खिला दी। दवा खाने के बाद पीड़िता की हालत बिगड़ गई। परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। आरोप है कि युवक के घरवाले बदनामी का डर दिखाकर पीड़िता के परिजनों से शिकायत न करने का दबाव बना रहे थे। परिवार को रुपये देने व किशोरी का इलाज कराने का भी झांसा दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही उनको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
