बरेली मे लू का अलर्ट, 45 डिग्री तक पहुंचेगा अधिकतम तापमान, सड़कों पर दिखा सन्नाटा

बरेली। हाल ही मे हुई बारिश के बाद आसमान साफ होते ही गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बरेली में पिछले महज एक सप्ताह के भीतर तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके चलते नौनिहाल भी बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। मौसम विभाग ने जिले में हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी करते हुए अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में अधिकतम पारा 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गर्मी और उमस का असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में इन दिनों आने वाले ज्यादातर मरीज डायरिया, उल्टी-दस्त और तेज बुखार की चपेट वाले हैं। जिला अस्पताल के 30 बेड की क्षमता वाले बच्चा वार्ड में मंगलवार को 28 बच्चे भर्ती थे। ग्रामीण और शहरी दोनों ही इलाकों से बड़ी संख्या में परिजन अपने बीमार बच्चों को लेकर अस्पताल आ रहे हैं। इससे ओपीडी से लेकर वार्डों तक भीड़ हो रही है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कर्मेंद्र ने बताया कि तापमान में अचानक आई इस तेजी और उमस भरे मौसम के कारण बच्चों की सेहत तेजी से बिगड़ रही है। इस मौसम में बच्चे बहुत जल्द डायरिया और डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने सलाह दी है कि इस मौसम में बच्चों को सीधी धूप और लू के थपेड़ों से बचाकर घरों के अंदर ही रखें। उन्हें केवल ताजा भोजन, उबालकर ठंडा किया गया पानी या ओआरएस का घोल ही दें। भीषण गर्मी की तपिश का असर बुधवार को दोपहर के समय शहर की सड़कों पर देखने को मिला। भीड़ से गुलजार रहने वाली सड़कें व प्रमुख बाजार पूरी तरह सूने पड़े थे। लोग जरूरी काम होने पर ही पूरी तरह चेहरा ढककर घरों से बाहर निकले। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण हवा में नमी की मात्रा काफी बढ़ गई थी, जो अब तेज धूप के कारण उमस में बदल गई है। आने वाले दिनों में पश्चिमी गर्म हवा यानी लू सक्रिय होने वाली है, जिससे वातावरण और अधिक गर्म हो जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *