बरेली। जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र के सेंट्रल स्टेट कॉलोनी में फॉल्ट सही करने बिना शटडाउन लिए पहुंचे संविदाकर्मी लाइनमैन करंट लगने पर पोल से नीचे गिर गया। घटना स्थल पर मौजूद लाइनकुली, टीजी-टू व स्टॉफ ने नजदीक के गंगाचरण अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जहां लाइनमैन को मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों व इलाकाई लोगों ने बारादरी थाने में मृतक का शव रखकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह सभी को शांत किया। कांकरटोला निवासी मोहम्मद निजाम (47) पिछले करीब 25 सालों से संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। वह मौजूदा समय में मुंबई की कंपनी ऑल ग्लोबल की ओर से संविदा लाइनमैन के पद पर 11 केवी वर्टिकल के तहत डीडीपुरम उपकेंद्र पर तैनात था। निजाम के परिवार में पत्नी नाजिमा और सात बच्चे है। बुधवार दोपहर वह डीडीपुरम के सेंट्रल स्टेट कॉलोनी में फॉल्ट ठीक करने पूरे गैंग मय टीजीटू सतेंद्र बिंद्रा के साथ गया था। आरोप है कि बिना शटडाउन के ही वह पोल पर चढ़ गया। इस दौरान अचानक लगे करंट से वह पोल से नीचे गिर गया। आनन-फानन मे नजदीक के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और संविदा कर्मचारियों में आक्रोश का माहौल बन गया। सभी ने बारादरी थाने पहुंचकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करते हुए नारेबाजी और हंगामा करना शुरु कर दिए। बारादरी थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि निजाम की करंट लगने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
