10 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रशिक्षु दरोगा गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज

बरेली। जनपद के इज्जतनगर थाने की बैरियर टू पुलिस चौकी पर तैनात प्रशिक्षु दरोगा विमल चौहान को एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार दोपहर बाद 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम आरोपी दरोगा को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। दरोगा की भर्ती मृत आश्रित कोटे से हुई है। उसने पीड़ित से कहा था कि उसे इंस्पेक्टर और सीओ समेत अधिकारियों को हिस्सा देना पड़ेगा। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी प्रवीण सान्याल ने बताया कि एक पारिवारिक विवाद में दरोगा विमल चौहान ने एंजिला मैसी नाम की युवती से बीस हजार रुपये मांगे थे। एंजिला के पिता रोहित आनंद मैसी ने अपनी बेटी और बेटे आदि पर हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इज्जतनगर थाने के इस प्रशिक्षु दरोगा पर मामले की विवेचना थी। वह आरोपी बनाए गए बेटे और बेटी को परेशान कर रहा था। एंजिला की शिकायत के बाद टीम ने जाल बिछाया और बैरियर टू चौकी पर ही दरोगा विमल चौहान को 10 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किए जाने की तैयारी चल रही है। डेलापीर स्थित उसके किराये के कमरे की तलाशी लेने टीम पहुंची जो बंद मिला।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *