अंडरट्रेनी सिपाही ने अधिवक्ता को मारा थप्पड़, वकीलों का हंगामा

फरीदपुर, बरेली। पति-पत्नी मे नोंकझोक के दौरान थाने मे अंडरट्रेनी सिपाही ने अधिवक्ता को थप्पड़ मार दिया। सूचना पर पहुंचे वकीलों ने थाने का घेराव कर आरोपी पर कठोर कार्रवाई की मांग की। सीओ ने आरोपी पर कार्रवाई का भरोसा देकर वकीलों को शांत कराया। फरीदपुर के लाइन पार मठिया निवासी प्रमोद यादव सिविल कोर्ट मे वकालत करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद कानूनगोयान मोहल्ले के उनके साले ओमेंद्र यादव ने प्रमोद को गाली गलौज के मैसेज भेजने शुरू कर दिए। इसे लेकर प्रमोद ने साले के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि साले और उनके साथियों ने प्रमोद को घर मे घुसकर पीटा। प्रमोद थाने पहुंचे तो उनके साले ओमेंद्र अपने साथियों के साथ थाने पहुंच गए। इसकी सुनवाई इंस्पेक्टर क्राइम चमन सिंह भडाना कर रहे थे। तभी प्रमोद की अपने साले से नोंकझोक होने लगी। इस दौरान पास में खड़े अंडरट्रेनी सिपाही ने अधिवक्ता प्रमोद को थप्पड़ मार दिया। प्रमोद ने इसकी सूचना सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय यादव एवं पूर्व अध्यक्ष प्रवीण सिंह भदोरिया को दी। सूचना पर तमाम अधिवक्ता थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की जिद की। सूचना पर पहुंचे सीओ संदीप सिंह ने अधिवक्ताओं को समझाकर शांत किया। इस दौरान आरोपी सिपाही ने अधिवक्ताओं से माफी मांगी। लेकिन अधिवक्ता कार्रवाई की जिद पर अड़े थे। सीओ ने जांच करके कार्रवाई करने का भरोसा दिया। अधिवक्ता प्रमोद की तहरीर पर पुलिस ने उनके साले ओमेंद्र यादव एवं अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *