श्रीराम के जयघोष से गूंजा शहर, पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया यात्रा का स्वागत

बरेली। पूरा शहर बुधवार को भगवान श्रीराम की भक्ति में डूबा नजर आया। शोभायात्रा निकालकर भगवान राम का राजतिलक किया गया। इससे पहले चौधरी मोहल्ला रानी साहब का फाटक और जोगी नवादा की रामलीला समितियों की ओर से निकाली गई शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भगवान श्रीराम के जयकारों और भक्तिगीतों से माहौल भक्तिमय हो गया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत कर पुष्पवर्षा की। शोभायात्रा में शामिल भगवान के विभिन्न स्वरूपों की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। चौधरी मोहल्ला के उपाध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने आरती उतारकर शभोयात्रा को शुरू किया। कोहाड़ापीर, कुतुबखाना से आलमगीरीगंज से किला होते हुए रानी साहब फाटक पर संपन्न हुई। शोभायात्रा के मार्ग में भक्तों की भीड़ जुटी रही। श्रीराम के दर्शन किए और श्रीराम के जयघोष की गूंज पूरे शहर में सुनाई दी। रामलीला का मंचन देख दर्शक हुए भाव विभोर : बरेली। श्री रामलीला नाटक समाज सदर बाजार कैंट में बुधवार को भगवान श्रीराम के राजतिलक की लीला का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर नगरवासियों में हर्ष और उल्लास छा गया। इस प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। समिति की ओर से रामलीला में आर्थिक सहयोग करने वाले सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान अध्यक्ष सतीश मेहता मौजूद रहे। श्रीराम का किया गया राज्याभिषेक : बरेली। कुर्माचल नगर स्थित भोलेनाथ मंदिर परिसर में आयोजित पर्वतीय समाज रामलीला महोत्सव में श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया। अध्यक्ष देवेंद्र सिंह दियोलिया और महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह बिष्ट ने सर्वोत्तम कार्यकर्ता, वयस्क कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता को पुरस्कार प्रदान किए।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *