लायंस विद्या मंदिर में इंटर हाउस फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का हुआ भव्य आयोजन
नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से जीता सभी का दिल
बरेली। लायंस विद्या मंदिर में इंटर हाउस प्रतियोगिताओं की श्रृंखला के अंतर्गत फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मैनेजर श्री सतीश अग्रवाल तथा मुख्य अतिथियों श्रीमती निशि शर्मा, श्रीमती अमिता भटनागर एवं श्रीमती साधना अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने सामाजिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक पात्रों का आकर्षक एवं प्रभावशाली रूप धारण कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती वैशाली जौहरी ने मुख्य अतिथियों, निर्णायक मंडल, अभिभावकों एवं सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और मंच संचालन की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
