भाजपा ने लोधी समाज को सम्मान नहीं दिया- पीयूष वर्मा

बरेली। रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में बरेली के सपा युवा नेता पीयूष वर्मा ने लोधी समाज की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाया। कहा, वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका त्याग और संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सामने मंच से पीयूष वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोधी समाज से वोट तो लिया, लेकिन उसे अपेक्षित राजनीतिक सम्मान और भागीदारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि अब लोधी समाज सपा की ओर उम्मीद की नजर से देख रहा है। कार्यक्रम में पीयूष वर्मा ने अखिलेश यादव को रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा भेंट की। इस मौके पर अखिलेश यादव ने घोषणा की कि सपा की सरकार बनने पर रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर सरकारी अवकाश घोषित किया जाएगा। उन्होंने लोधी समाज को राजनीतिक सम्मान व उचित प्रतिनिधित्व देने का भी भरोसा दिलाया। संघर्ष की प्रेरणा देती हैं अवंती बाई : शुभलेश। बरेली के सपा कार्यालय पर रविवार को रानी अवंती बाई लोधी की जयंती मनाई गई। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी का शौर्य, साहस और बलिदान हर पीढ़ी को अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। सभासद राजेश अग्रवाल और पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेश सोलंकी, सुरेन्द्र सोनकर, धर्मपाल लोधी, अशोक यादव, नत्थू लाल लोधी आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *