फौजी के बंद मकान से बंदूक चोरी, घटना सीसीटीवी में कैद

भमोरा, बरेली। चार महीने से बंद पड़े एक फौजी के मकान से नकाब पोश चोर दो नाली बंदूक चोरी कर ले गए। सीसीटीवी कैमरे में चोर दिखाई दे रहे है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। गांव सरारी के उमेश बाबू मौर्य ने बताया कि वह भारतीय सेना में हैं और उनकी तैनाती जालंधर में है। जून में वह छुट्टी पर आए थे। लौटते समय अपने मकान में ताला लगाकर पत्नी बच्चों को अपने साथ ले गए। 14 अक्तूबर को उनकी ससुराल में बच्चे के नामकरण और दुर्गा जागरण व भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। उसकी दावत में शामिल होने के लिए दस दिन की छुट्टी लेकर पत्नी बच्चों सहित बुधवार की सुबह घर आया तो देखा मकान के मेन गेट का कुंडा कटा था। अंदर जाने पर पता चला कि कमरे का दरवाजा काटकर अंदर रखे बक्सों और अलमारी के ताले तोड़कर उनमें रखे कपड़े आदि सामान बाहर निकला पड़ा था। घर में चोरों ने सोने चांदी के गहने तथा लाइसेंसी दो नाली बंदूक चोरी कर ली। थानाध्यक्ष कुशलपाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया चोरी की घटना संदिग्ध लग रही है। फौजी बुधवार को घर आए और एक दिन पहले मंगलवार की रात उसके घर में नकाबपोश चोर घुसे, जबकि उसका मकान चार माह से अधिक समय से बंद पड़ा था तब चोर नहीं आए।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *