प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल करने की मांग

बरेली। कलेक्ट्रेट गेट पर बुधवार को आंगनबाड़ी वर्कर ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंप कर प्रोत्साहन राशि को मूल राशि में शामिल करने की मांग की गई। आंगनबाड़ी वर्कर्स ने जीपीएस से उपस्थिति दर्ज करने का विरोध किया। आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष ओमवती गंगवार के नेतृत्व में बुधवार को बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दामोदर पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते हुए संगठन ने मांग उठाई कि शासन की ओर से बढ़ाई गई 2500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को मूल मानदेय में शामिल किया जाए, ताकि इसका नियमित रूप से हर महीने भुगतान सुनिश्चित हो सके। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि पहले से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी कई जिलों में नियमित नहीं हो रहा है। कई स्थानों पर कई-कई महीनों की राशि लंबित है और कहीं छह महीने तो कहीं एक वर्ष बाद भुगतान किया जाता है। ज्ञापन में पोषण ट्रैकर एप से जीपीएस से केंद्र खोलने और संचालन की उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था को भी कठिन बताते हुए इसे लागू नहीं करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या रहती है। इसके अलावा विभागीय बैठक, प्रशिक्षण, परियोजना कार्यालय और अन्य सरकारी कार्यों के लिए केंद्र से बाहर जाना पड़ता है। ऐसी स्थिति में जीपीएस के माध्यम से केंद्र खुला होने की स्थिति दर्ज करना संभव नहीं होता।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *