बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर इलाके के मिनी बाइपास स्थित नवोदय अस्पताल की चौथी मंजिल पर शनिवार तड़के आग लग गयी।जिससे अस्पताल में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि उस वक्त वहां कोई मरीज नही था। हालांकि नीचे के तलों पर भर्ती सभी मरीजों को आननफानन बाहर निकाल दिया गया। एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। शनिवार को अस्पताल की चौथी मंजिल पर लोगों ने धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें नजर आने लगीं। आग की खबर फैलते ही अस्पताल में भर्ती मरीज और उनके तीमारदार घबरा गए। आग लगने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की। कर्मचारियों ने अलग-अलग वार्डों में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गंभीर मरीजों को बाहर निकालने में भी अस्पताल स्टाफ जुटा रहा। मरीजों और तीमारदारों के एक साथ बाहर आने से अस्पताल परिसर में काफी भीड़ जमा हो गई। कुछ समय तक मौके पर भगदड़ जैसे हालात नजर आए, हालांकि समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। मिनी बाइपास पर लगा जाम : अस्पताल में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे। अस्पताल के बाहर लोगों और वाहनों की भीड़ बढ़ने से मिनी बाईपास रोड पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई, इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर घटना को देखने लगे। इससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई, हालांकि कुछ देर में ही पुलिस ने यातायात सामान्य कर दिया।
बरेली से कपिल यादव
