रक्षाबंधन पर भाजपा नेता सचिन कश्यप की हत्या, चाकुओं से गोदकर मार डाला

बरेली। जनपद के थाना सुभाषनगर क्षेत्र के बंशीनगला मे शुक्रवार रात पुरानी रंजिश में भाजपा मढ़ीनाथ मंडल के ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष सचिन कश्यप की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सचिन की पत्नी गुड़िया देवी ने पड़ोसी बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, बाबू की मां व आशीष मौर्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गुड़िया ने आरोप लगाया है कि बाबू मोहल्ले के बच्चों के साथ गलत हरकत करता था। उनके पति ने इसका विरोध किया तो वह उनसे रंजिश मानने लगा। इसी रंजिश में उसने मांझे वाली बगिया में उनके पति को घेर लिया। सूचना पर गुड़िया, उनके देवर सूरज आदि मौके पर पहुंचे तो देखा कि बाबू के हाथ में चाकू जैसी गुप्ती है। बाकी लोगों ने सचिन के हाथ पकड़ रखे थे तभी बाबू ने गुप्ती सचिन के सीने में मार दी। हमलावरों ने जैसे ही गुड़िया व अन्य परिजनों को देखा तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। सीने पर वार होने से सचिन लहूलुहान होकर गिर गए। बीच-बचाव में मोहल्ले के दीपक उर्फ मोहनलाल के हाथ में हल्की खरोंच आई है। परिजन सचिन को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। तब परिवार के लोग शव लेकर घर लौटे। सूचना पर सीओ टू नितिन कुमार ने रात में ही घटनास्थल का जायजा लिया और परिवार से पूछताछ की। पुलिस टीम ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखकर नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की सही वजह का खुलासा होगा।
एक माह पहले हुआ था झगड़ा तो कर दिया था माफ
परिवार ने आरोप लगाया कि एक माह पहले सचिन का बाबू से विवाद हुआ था। सचिन उसके खिलाफ रिपोर्ट कराने जा रहे थे। तब सचिन की मां उनके घर आ गई और बेटे की ओर से माफी मांगी। बताया कि वह लोग काफी गरीब हैं और किराये पर रहकर गुजारा करते हैं। बाबू ने भी माफी मांगी तो संभ्रात लोगों की मौजूदगी में सचिन ने उसे माफ कर समझौता कर लिया था। आरोप है कि बाबू तभी से सचिन से खुन्नस खाए हुए था और उसने मौका देखकर उनकी हत्या कर दी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *