बहेड़ी, बरेली। जनपद के थाना बहेड़ी क्षेत्र मे इलाज के दौरान युवक की मौत हो जाने पर परिजनों ने ग्रामीणों संग देवीपुरा मोड़ पर शव रोककर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही सीओ कई थानों की पुलिस के संग मौके पर पहुंच गए और गुस्साए लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया। बाद में परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार करवा दिया। बीती 21 अगस्त को घायल हुए देवीपुरा गांव के 18 वर्षीय युवक सुमित पुत्र राज बहादुर की शुक्रवार की रात अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। उसकी मौत के से खफा आक्रोशित ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद सुमित का शव गांव ले जा रही एम्बुलेंस को गांव से कुछ दूरी पहले मुंडिया नबी बख्श मार्ग देवीपुरा मोड़ पर सड़क पर रोककर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि सुमित की हत्या की गई है। इसको लेकर करीब आधे घंटे से ज्यादा देर तक वहां जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही सीओ अरुण कुमार, प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार देवरनिया सहित कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक समझाने के बाद सीओ ने ग्रामीणों को शांत कर जाम खुलवाया। उधर पुलिस का कहना है कि अनुसार 21 अगस्त की रात ग्राम देवीपुरा निवासी 18 वर्षीय युवक सुमित देवीपुरा बाजार के पास घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पीआरवी और एंबुलेंस ने उसे सीएचसी पहुंचाया था। हालत गंभीर होने पर उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह पिछले आठ दिनों से आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा था और इलाज के दौरान उसकी शुक्रवार रात में मौत हो गई। जबकि इसी तारीख 21 अगस्त को दिन में सुमित का कुछ लोगों से झगड़ा भी हुआ था। परिजनों का आरोप है कि झगड़े में घायल होने से उसकी मौत हुई है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। मृतक के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में ग्राम गरीबपुरा निवासी परमवीर, सचिन, कपिल समेत दो-तीन अज्ञात लोगों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। तहरीर में आरोप है कि घटना वाले दिन दोपहर मे भी आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। शाम को घर लौटते समय देवीपुरा बाजार से करीब 100 मीटर पहले घात लगाकर उस पर हमला किया गया। पुलिस का कहना है कि झगड़े की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।।
बरेली से कपिल यादव
