नवाबगंज, बरेली। थाना क्षेत्र के गांव पंडरी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी की दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पति समेत नौ लोगों के खिलाफ नवाबगंज थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पंडरी गांव निवासी मोहम्मद यामीन ने बताया कि पांच साल पहले बेटी शबाना का निकाह टांडा सादात निवासी युवक से किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास, ससुर, देवर, ननद समेत अन्य लोग दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर शबाना को प्रताड़ित किया जाता था। वर्ष 2023 में भी उन्होंने इस मामले की शिकायत नवाबगंज थाने में की थी। उस समय पंचायत के बाद ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग नहीं करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद भी शबाना का उत्पीड़न जारी रहा। शुक्रवार रात दहेज की मांग पूरी न होने पर रासुराल पक्ष ने शबाना की गला दबाकर हत्या कर दी। कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया किशव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
