आंवला में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

आंवला, बरेली। थाना क्षेत्र के गांव मऊचंदपुर मे शनिवार सुबह 20 वर्षीय युवक का शव आम के बाग में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक की पहचान दिनेश (20) पुत्र स्वर्गीय हरप्रसाद निवासी मऊचंदपुर के रूप में हुई। वह चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था तथा मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार सुबह खेत पर जा रहे एक किसान ने देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। बाग में उसका शव पेड़ से लटका ग्रामीणों के अनुसार दिनेश का एक नाबालिग लड़की से प्रेम-प्रसंग था। इस संबंध को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। वहीं, परिवार पर कर्ज का दबाव होने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों का मानना है कि प्रेम-प्रसंग और आर्थिक तनाव के चलते उसने आत्महत्या की हो सकती है। परिजनों का आरोप है कि दिनेश की हत्या कर शव को चारपाई की रस्सी से पेड़ पर लटका दिया गया। उनका कहना है कि घटना से पहले का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिनेश ने कुछ लोगों से अपनी जान को खतरा बताया है। पुलिस का कहना है कि वायरल ऑडियो की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और उसकी भी जांच कराई जा रही है। इंस्पेक्टर बीनू सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर, वायरल ऑडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *