बरेली। नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप से नजदीकियां बढ़ाकर पहली पत्नी से उसका तलाक कराने और फिर आत्महत्या के लिए उकसाने की आरोपी दूसरी पत्नी गुंजा और उसकी बहन रीना को पुलिस ने रविवार सुबह कैंट के सदर बाजार के आजाद मोहल्ले से गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया। सुभाषनगर निवासी कुलदीप गोस्वामी एक निजी अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट थे। उन्होंने पत्नी और ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर सुभाषनगर पुलिस पर लापरवाही व करगैना चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार पर घूस मांगने और खुद तहरीर लिखने का आरोप लगाया था। कुलदीप ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने की बात लिखी है। घूस मांगने के आरोपों की जांच के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने कमेटी गठित कर दी है। कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने पूछताछ की तो गुंजा ने बताया कि उसकी शादी इसी साल 15 अप्रैल को कुलदीप से हुई थी। शादी के बाद उसे पता चला कि कुलदीप की पहले दो शादियां हो चुकी थी और उसका 13 साल का बेटा भी है। इसे लेकर दोनों के बीच नाराजगी रहने लगी। नकदी व जेवर चोरी का आरोप लगाकर ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद वह मायके में रहने लगी थी। गुंजा और रीना ने बताया कि तीन जुलाई को कुलदीप, गुंजा को लेने उनके घर आया था। उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। तब कुलदीप ने उनके घर के सामने ही जहर खा लिया। कहा कि उन्हें नहीं पता था कि कुलदीप जान दे देगा। गुंजा ने स्वीकार किया कि वे और कुलदीप दो साल से एक-दूसरे को जानते और बातचीत करते थे। वह अपने पिता का फालिज का इलाज कराने उस अस्पताल मे गई थी। जहां कुलदीप काम करता था। वही पहली बार पहचान हुई। कुलदीप ने उसे बताया कि वह अपनी पत्नी को नही चाहता है। मजबूरी मे ही साथ रह रहा है। पुलिस के मुताबिक गुंजा से करीबी के बाद ही कुलदीप ने पत्नी से तलाक लेने के लिए पैरवी शुरू कर दी थी और कुछ समय पहले ही तलाक ले लिया था। इसके बदले केवल ढाई लाख रुपये पत्नी को दिए थे और तुरंत गुंजा से शादी कर ली। ऐसा करके वह और फंस गया। जांच कमेटी के प्रभारी एसपी सिटी के नेतृत्व में सीओ प्रथम आशुतोष शिवम व सीओ द्वितीय अंजनी तिवारी ने करगैना चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। पहले दिन रविंद्र ने मौखिक रूप से सफाई दी है। जिसे लिखकर देने के लिए कहा गया है। एसपी सिटी ने बताया कि पांच दिन मे जांच रिपोर्ट तैयार करके सौंपी जानी है। कैंट पुलिस की टीम गुंजा के भाई अमित की तलाश कर रही है। गुंजा के बहनोई सतीश की लोकेशन बंगलूरू की आ रही है। बताया जा रहा है कि वहां वह नौकरी करता है।।
बरेली से कपिल यादव
