राजस्थान/बाड़मेर- राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी नगरीय निकाय चुनाव कार्यक्रम की पालना में नगर परिषद् बाड़मेर के आम चुनाव के लिए गुरुवार को लोक सूचना जारी होगी l
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट भवानी सिंह ने बताया कि नगर परिषद् बाडमेर के वार्ड संख्या 01 से 55 में पार्षद का चुनाव किया जाना है। इसके लिए 27 अगस्त को निर्वाचन की लोक सूचना जारी की जाएगी। उनके मुताबिक अभ्यर्थी या उसके प्रस्थापक की ओर से नाम निर्देशन पत्र 27 से 31 अगस्त को प्रात :10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक किसी भी दिन प्राप्त किए जा सकेंगे l
इस दौरान रविवार एवं रक्षाबंधन के दिन अवकाश रहेगा l बाड़मेर नगर परिषद के वार्ड संख्या 01 से 28 तक तहसील कार्यालय बाडमेर में सहायक रिटर्निंग अधिकारी, तहसीलदार बाडमेर को तथा वार्ड संख्या 29 से 55 तक तहसील कार्यालय बाडमेर ग्रामीण में सहायक रिटर्निंग अधिकारी, तहसीलदार बाडमेर ग्रामीण को प्रस्तुत किए जा सकेंगे। जिनकी संवीक्षा 01 सितंबर को प्रातः11 बजे रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट बाड़मेर कार्यालय में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थिता को वापिस लेने की सूचना 3 सितंबर को दोपहर 3.00 बजे से पूर्व रिटर्निंग अधिकारी को व्यक्तिशःदी जा सकेगी। जबकि मतदान 9 सितंबर को करवाया जाएगा।
— राजस्थान से राजूचारण
