धूमधाम से निकली दधिकांदों शोभा यात्रा, पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद

बरेली। चंद्रनगर धार्मिक समिति, पुराना शहर के तत्वावधान में 137वीं दधिकांदों शोभायात्रा शनिवार को निकली। शोभायात्रा में शामिल देवी-देवताओं की झांकियों ने सभी का मन मोहा। शोभायात्रा पर कई जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तो तमाम जगह जलपान व भंडारे का आयोजन किया गया था। झांकियों की भव्यता और शोभायात्रा में लग रहे जयकारों के उद्घोष से नाथ नगरी कृष्णमयी हो गई। इसके साथ ही तीन अखाड़े एवं ग्वाल वालों की टोलियां अपने करतब से शोभायात्रा की गरिमा को बढ़ा रहे थे। महाराष्ट्र से पधारे झांझ डमरू मंडल बरबस अपनी और श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रहा था। गलियों के दोनों और से श्रद्धालु भगवान श्री कृष्ण के सिंहासन व शोभा यात्रा पर पुष्पवर्षा कर रहे थे। लोगों ने सैकड़ो जगह भगवान की आरती उतारी और भगवान के भोग को प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया। यात्रा का शुभारंभ से पहले सीताराम मंदिर पहुंचकर जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, मेयर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने श्रीकृष्ण का अभिषेक व आरती की। विधायक संजीव अग्रवाल ने भगवान कृष्ण को गोद में लेकर रथ में विराजमान कराया और सभी नेताओं ने बारी बारी से रथ हांका। डॉ. विनोद पागरानी, सभासद राजेश अग्रवाल, अजय रत्नाकर, छंगामल मौर्य, राजेश पटेल, हरिओम कश्यप, एवं चंद्रपाल राठौर पार्षद पति, डॉ. अनीस बेग समेत अन्य ने भगवान की आरती कर कुछ दूर तक भगवान के रथ को हांक आगे बढ़ाया। शोभायात्रा रात 11 बजे वापस मंदिर प्रांगण में पहुंचकर विश्राम ली। अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, उपाध्यक्ष दिनेश दद्दा, श्याम मनोहर गुप्ता, सोमपाल प्रजापति, सुरेश दिवाकर, राजेश मौर्य, राजीव गुप्ता, राहुल चौधरी, पंकज राज वर्मा समेत अन्य रहे। सीताराम मंदिर कटराचांद खां से शुरू हुई शोभायात्रा मौर्या मंदिर, सिंधुनगर, इसाइयों की पुलिया, बालजती स्कूल, गुलाबबाड़ी, नवादा शेखान, नवादा शेखान, सहसवानी टोला, पनवड़िया, बुखारपुरा, रोहलीटोला, जगतपुर, मीरा की पेठ, बजरिया, शाहदाना, कालीबाड़ी, श्यामगंज पुलिस चौकी से सिंधुनगर होते हुए वापस श्री सीताराम मंदिर पर विश्राम ली।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *