गुरुजनों के सम्मान से ही कल्याण : डॉ. अवनीश यादव

बरेली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, त्यार जागीर, नवाबगंज मे शिक्षक दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन से किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षक की भूमिका में कक्षाओं का संचालन किया तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्रों ने भाषण, कविता आदि के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा के महत्त्व को दर्शाया तथा अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक केपी गंगवार ने अपने संबोधन मे कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र निर्माता हैं। एक शिक्षक ही छात्र के जीवन को सही दिशा देकर उसे एक सफल नागरिक बनाता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अवनीश यादव ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दी और छात्रों को अपने गुरुओं का सम्मान करने की प्रेरणा दी। डॉ. यादव ने कहा कि वही समाज निरंतर प्रगति कर सकता है, जो अपने शिक्षकों को समुचित सम्मान देता है और उनके प्रति कृतज्ञ रहता है। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों तथा शिक्षण कार्य करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। छात्रों द्वारा अपने हाथों से बनाए गए ग्रीटिंग कार्ड और उपहार देकर शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया। अंत में सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। ब्रह्माशंकर शुक्ला, दिलीप कुमार प्रथम ,भूपेन्द्र गंगवार, रामेन्द्र गंगवार तथा समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *