खाद्य सुरक्षा कानून मे संशोधन समेत 15 मांगें उठाई, सौंपा ज्ञापन

बरेली। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्माताओं और व्यापारियों को आ रही समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला अध्यक्ष अकरम खान के नेतृत्व में व्यापारियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई अधिकारी एसडीएम कुमारी पूनम भास्कर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग, जांच रिपोर्ट, लाइसेंस व्यवस्था और कार्रवाई की प्रक्रिया में सुधार समेत 15 मांगें उठाई गईं। व्यापारियों ने नमूनों की जांच रिपोर्ट 14 दिन में जारी करने, केंद्रीय प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद ही खाद्य पदार्थों को नष्ट करने या जब्त करने, मामूली मामलों में शमन की व्यवस्था लागू करने और दोहरी जांच व्यवस्था समाप्त करने की मांग की। इसके अलावा सीलबंद उत्पादों की जांच प्रक्रिया स्पष्ट करने, फर्जी शिकायतों के आधार पर सैंपलिंग रोकने, पैकिंग की खामियों के लिए संबंधित कंपनी की जिम्मेदारी तय करने और खाद्य सुरक्षा कानून की जानकारी रखने वाले पूर्णकालिक न्याय निर्णयन अधिकारी की नियुक्ति की मांग भी की गई। व्यापारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ कारोबारियों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जाना चाहिए। इस दौरान जिला महासचिव कमल गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी डॉ. मुदित प्रताप सिंह, प्रदीप गर्ग, एडवोकेट आशु, गौरव गर्ग, जाकिर हुसैन, परवेज आलम, जावेद आलम, उबैस अख्तर अंसारी, तहसीम रजा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *