बरेली। मनौना धाम से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की कार को फरीदपुर बाईपास पर तीव्र रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ड्राइवर समेत कार में बैठे छह श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने घायल श्रद्धालुओं को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ड्राइवर फरार है। गुरुवार को शाहजहांपुर के पुवायां का परिवार आंवला के मनौना धाम में किराये की कार लेकर दर्शन करने गए थे। दोपहर बाद वह लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। उनकी कार फरीदपुर के बाईपास पर जनता ढाबे के सामने निकल रही थी। इसी दौरान तीव्र रफ्तार ट्रक ने कार मे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद श्रद्धालु कार में फंस गए। लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। कार चालक पीलीभीत के बिलसंडा के भटपुरा निवासी अमित गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि शाहजहांपुर के पुवायां के भूर खेड़ा निवासी मिंटू, महेंद्र की पत्नी मीना देवी, जगदीश की पत्नी मंडूरा, विजय कुमार की पत्नी रागिनी देवी एवं पप्पू घायल हो गए।।
— बरेली से कपिल यादव
