50 नवचयनित विद्युत सखियों को मिले थर्मल प्रिंटर, डीएम ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित विद्युत सखी योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सोमवार को बरेली में बड़ा कदम उठाया गया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में नवचयनित 50 विद्युत सखियों को थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए, जिससे वे गांव स्तर पर बिजली बिल संग्रहण का कार्य और अधिक सुगमता से कर सकें। जिले में वर्तमान समय में 312 विद्युत सखियां बिजली बिल संग्रहण का कार्य कर रही हैं। इनमें से नए पोर्टल पर सक्रिय 161 विद्युत सखियों को चरणबद्ध तरीके से थर्मल प्रिंटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना के तहत विद्युत सखी स्वयं सहायता समूह की सदस्य होती हैं और एंड्रॉयड फोन के माध्यम से उपभोक्ताओं के बिजली बिल जमा कराती है। उन्हें दो हजार रुपये तक के बिल पर 20 रुपये तथा दो हजार रुपये से अधिक के बिल पर एक प्रतिशत कमीशन दिया जाता है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली रेनू देवी, सीमा, पिंकी यादव, संजू साहू और सुमन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित विद्युत सखियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस योजना से उनकी आय बढ़ी है और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिला है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी विद्युत सखियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक बिजली बिल संग्रह कर बेहतर कमीशन अर्जित करें और ‘लखपति दीदी’ बनने का लक्ष्य हासिल करें। मुख्य विकास अधिकारी देवयानी यादव ने भी सभी विद्युत सखियों को शुभकामनाएं देते हुए योजना को ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक उन्नति का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम में उपायुक्त स्वतः रोजगार, ग्रामीण क्षेत्र के अधिशासी अभियंता (यूपीपीसीएल), जिला मिशन प्रबंधक, ब्लॉक मिशन प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *