अवैध निर्माण पर गरजा बुलडोजर, 17 बीघे में बस रही तीन कॉलोनियां ध्वस्त

बरेली। बीडीए ने सोमवार को अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीगंज थाना क्षेत्र में विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया। कार्रवाई के दौरान प्लॉटिंग के लिए किए गए भूखंडों के चिन्हांकन, बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। बीडीए की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के मुताबिक थाना क्षेत्र के मिलक गांव में मान खां और अली रजा खां करीब पांच बीघा, मोहम्मद खास करीब 10 बीघा तथा पीर खां करीब दो बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित कर रहे थे। यहां प्लॉटिंग के साथ बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माण कार्य भी कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर बीडीए की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त करा दिया। बीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिना अनुमति कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नियमों को दरकिनार कर प्लॉटिंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *