4.53 करोड़ का धर्मदत्त सिटी हास्पिटल पर लगाया यूजर चार्ज

बरेली। शहर के धर्मदत्त सिटी हास्पिटल की जमीन पर कब्जे को लेकर कोर्ट में चल रहे मुकदमे के बीच नगर निगम ने अस्पताल पर 4.53 करोड़ रुपये का यूजर चार्ज लगाया है। अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर 10 दिन में नगर निगम कोष में भुगतान करने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर ब्याज समेत रकम वसूल करने की चेतावनी दी है। आपको बता दे कि नगर निगम और धर्मदत्त सिटी अस्पताल के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि निगम की भूमि पर अवैध तरीके से अस्पताल का संचालन किया जा रहा है। इस सरकारी भूमि को एक नवंबर 1950 को गरीबों का निश्शुल्क इलाज करने के लिए पट्टे पर दिया गया था। शर्तों के उल्लंघन के कारण 2003 में निगम बोर्ड ने अस्पताल का अनुबंध निरस्त कर दिया। इसके खिलाफ अस्पताल प्रबंधन सुप्रीम कोर्ट तक गया लेकिन फैसला निगम के पक्ष में हुआ। अस्पताल प्रबंधन ने जमीन फ्री होल्ड करा लेने का हवाला देकर स्थानीय अदालत में टाइटल शूट दाखिल किया है। बीते दिनों नगर निगम ने अस्पताल की भूमि पर कब्जा लेने का प्रयास किया था लेकिन अस्पताल वालों का विरोध भारी पड़ गया। अब निगम के अधिकारियों ने अनुबंध निरस्त होने के बावजूद भूमि का उपयोग करने पर यूजर चार्ज मांगा है। निगम ने वर्ष 2003 से 2021 तक वाणिज्यिक सरकारी दर से गणना कर करीब 8607 वर्ग मीटर भूमि का 4.53 करोड़ रुपये यूजर चार्ज मांगा है। अस्पताल संचालक डा. अनुपम शर्मा को नोटिस देकर 10 दिन में रकम जमा कराने को कहा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।