बरेली। शारदीय नवरात्र में अष्टमी के दिन रविवार मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी की आराधना की गई। घरों से लेकर देवी मंदिरों में विशेष पूजन के साथ भजन-कीर्तन किए गए। दिन भर माता के दर्शन पूजन को मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही। कई भक्तों ने मंदिरों और घरों में हवन पूजन कर कन्या पूजन भी किया। इसके साथ ही माता से परिवार के लिए समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। मां दुर्गा की आराधना मे रविवार को शहर के दुर्गा पूजा पंडाल भक्तिमय माहौल में सराबोर रहे। महासप्तमी पर कहीं मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना और पुष्पांजलि हुई तो कही ब्रद्धालुओं ने सिखचड़ी भोग ग्रहण कर मां का आशीर्वाद लिया। शाम को ढोल-नगाड़ों की मुंज और आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव की रौनक बढ़ाई। सोमवार को महानवमी मनाई जाएगी। महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना होगी। व्रत रखने वाले श्रद्धालु हवन पूजन के साथ कन्याओं को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लेंगे। वहीं घरों और देवी मंदिरों में विशेष पूजन के साथ देर रात तक भजन-कीर्तन किए जाएंगे। मॉडल टाउन की पंजाबी कॉलोनी स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर विशेष हवन का आयोजन हुआ। पंडित राम नरेश मिश्रा ने मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय का प्रसंग सुनाते हुए अष्टमी के महत्व पर प्रकाश डाला। शाम छह बजे माता की विशेष चौकी सजाई गई। महिला मंडल ने मां के भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान प्रेमलता अरोड़ा, प्रेम धवन, सीमा पुरुषारथी, ममता बंगा, चंचल अरोड़ा, मधु कथूरिया आदि ने भजनों की प्रस्तुति दी। रामपुर बाग स्थित दुर्गाबाड़ी पंडाल में पूजा-अर्चना की गई और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माता का आशीर्वाद लिया। मनोरंजन सदन स्थित बंगाली कल्चरल एवं वेलफेयर सोसायटी के दुर्गा पूजा पंडाल में पश्चिम बंगाल से आए पुरोहित देवीप्रसाद चटोपाध्याय ने सुबह 9:27 बजे पूजा शुरू कराई। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पुष्पांजलि अर्पित की और दोपहर में पंक्तिबद्ध होकर खिचडी भोग ग्रहण किया। शाम को डॉ. शुभा चटर्जी के निर्देशन में गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां हुई। हारमोनियम पर विशाल सक्सेना और तबले पर प्रशांत उपाध्याग ने शानदार प्रस्तुति दी। मीडिया प्रभारी ध्रुव चटर्जी, विकास राव, मानस गोराई, सनत तरफदार, मनोज राय आदि का सहयोग रहा।
— बरेली से कपिल यादव
