29 को जनाक्रोश रैली, झाँसी से पाताल कोट से जायेंगे कांग्रेसी

झांसी। कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी 29 अप्रैल को रामलीला मैदान में जनाक्रोश रैली को संबोधित करेंगे। एनएसयूआई राष्ट्रीय मीडिया को-ऑर्डिनेटर श्रीमती एस०नोमान ने बताया कि श्री गांधी 29 अप्रैल रविवार को पार्टी की ओर से आयोजित इस रैली को सुबह दस बजे संबोधित करेंगे।
श्रीमती नोमान ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह, पार्टी की पूर्व अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री ग़ुलाम नबी आज़ाद, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष श्री अजय माकन तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं द्वारा रैली को संबोधित किये जाने की संभावना है।
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की मुहिम के तहत श्री गांधी ने कल यहां संविधान बचाओ राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की जो 24 अप्रैल 2019 तक चलेगा।
श्री गांधी ने अभियान की शुरुआत करते हुए कल अपने संबोधन में कहा था कि मोदी सरकार संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने मोदी सरकार को दलित, महिला, अल्पसंख्यक विरोधी भी करार दिया था। श्री राहुल गांधी ने कठुआ और उन्नाव में दुष्कर्म समेत देश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा को लेकर भी मोदी सरकार को घेरा था। जनाक्रोश रैली इसी मुहिम का हिस्सा है। सरकार द्वारा आम जनमानस की उपेक्षा से जनता में आक्रोश है। यह रैली उसी आक्रोश का दर्शन है। श्रीमती नोमान ने बताया कि जनाक्रोश रैली में जहाँ देश का किसान, बेरोज़गार और व्यापारी वर्ग प्रतिभाग करेगा, तो वहीं छात्र संगठन के कार्यकर्त्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। झाँसी रेलवे स्टेशन से 28 अप्रैल को पाताल कोट से बड़ी संख्या में कांग्रेसी रैली में शामिल होने के लिए रवाना होंगे।
-उदय नारायण, झांसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।