24 घंटे में कभी भी मिल सकती है जनता : एसएसपी

झांसी। जिसके साथ कोई नहीं उसके साथ मैं खड़ा हूँ। शासन की प्राथमिकताओं को शत प्रतिशत लागू किया जायेगा। जनता की सेवा में चौबीस घण्टे उपलब्ध रहूंगा। फोन पर भी आने वाली शिकायतों का तुरन्त निस्तारण किया जायेगा। जनता की शिकायतों का निस्तारण शत प्रतिशत किया जायेगा साथ ही अपराधियों को चिन्हित कर उन पर कार्यवाही की जायेगी। यह बात पुलिस लाइन सभागार में नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने कार्यभार ग्रहण करते हुये पत्रकारों के मध्य कही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने इस दौरान पत्रकारों से संवाद स्थापित करते हुये कहा कि हर मामले में की जाने वाली शिकायतों की सही जांच कर तत्परता के साथ कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। पुलिस महानिदेशक की पाॅलिसी के अनुरूप ही धरातल पर शत प्रतिशत कार्य होगा। डिजिटल वाॅलिण्टियर योजना में आम जनता को जोड़ा जायेगा। असामाजिक तत्वों पर कार्यवाही की जायेगी।

थाना दिवस पर विशेष जोर दिया जायेगा साथ ही थाना दिवस पर आने वाली शिकायतों का शत प्रतिशत निस्तारण भी किया जायेगा। कोशिश यह रहेगी कि दोनों पक्षों को बुलाकर मामले का निस्तारण किया जाये। आईजीआरएस सिस्टम के तहत की जाने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की जायेगी। साथ ही वीडियोग्राफी कराकर तथ्यों की सही जांच उपरांत कार्यवाही की जायेगी। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष नजर रखी जायेगी।

एक नजर में..

झांसी के नवागत एसएसपी डाॅ. ओ.पी. सिंह 1990 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं तथा वर्ष 2018 के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वह झांसी में एसपी रेलवे के पद पर रह चुके हैं। वर्तमान में ललितपुर एसपी के पद से पदोन्नति होकर झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाये गये हैं। अपनी 25 वर्ष की पुलिस सेवा में 20 साल वह सिविल पुलिस में कार्यरत रहे। इस दौरान इलाहाबाद, बरेली, नोयडा, सीतापुर, गाजियाबाद आदि शहरों में उन्होंने सेवायें दी हैं।

रिपोर्ट–उदय नारायण कुशवाहा (झांसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।