सीबीगंज, बरेली। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने तांगा चालक को रौंद डाला। हादसे में तांगा चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका घोड़ा घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार अनोखेलाल उम्र 25 साल थाना सीबीगंज क्षेत्र के वोहित गांव के रतन लाल का बेटा था। रविवार की सुबह तांगे पर मिट्टी लादकर इज्जतनगर क्षेत्र में पहुंचाने जा रहा था। तभी रास्ते में नेशनल हाईवे पर परधौली गांव के समीप तेज रफ्तार आ रहे बेकाबू ट्रक ने पीछे से तांगे को रौंदकर हुए फरार हो गया। ट्रक का पहिया तांगा चालक अनोखेलाल के शरीर से गुजर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके घोड़े को भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अनोखेलाल की मौत की खबर से परिजनों में हाहाकार मच गया है। अनोखेलाल की शादी छह महीने पहले ही हुई थी। उसकी मौत की सूचना से नवेली दुल्हन का रो-रो कर बुरा हाल है।।
बरेली से कपिल यादव